भास्कर न्यूज | मलारना डूंगरकस्बे के बस स्टैंड पर सुविधाओं के अभाव में मुसाफिरों सहित आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कस्बे के बस स्टैण्ड से प्रतिदिन मलारना डूंगर सहित आस पास के गांवों के सैकडों मुसाफिर आवागमन के साधनों में बैठ कर अपने गन्तव्य को जाते हैं। इसके लिए उन्हें कई बार काफी समय तक साधनों का इंतजार भी करना पड़ता है, लेकिन प्रतीक्षालय नहीं होने के कारण उनको खुले आकाश में मौसम की मार सह कर समय बिताना पड़ता है।कई बार बरसात के दिनों में दुकानों के बरामदों में खड़े होकर साधनों का इंतजार करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में कई बार दुकानदार व मुसाफिरों में तू तू-मै मै की नौबत भी आ जाती है। लघु शंका व दीर्घ शंका निवारण के लिए भी सुविधाओं का नितान्त अभाव है। ऐसे में महिला मुसाफिरों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने प्रशासन से समस्या समाधान की मांग की है।
Source: Dainik Bhaskar May 14, 2019 04:41 UTC